
JOIN OUR WHATSAPP GROUP
राजस्थान में पिछले 3 दिनों से चक्रवाती तूफान बिपरजॉय तबाही मचाए हुए हैं। राज्य के अधिकांश जिलों में मूसलाधार बारिश जारी है। वहीं हरियाणा, दिल्ली एनसीआर उत्तर प्रदेश के साथ उत्तराखंड में भी आज जमकर बारिश हुई और ठंडी हवाएं चल रही हैं। हालांकि अभी यह मानसूनी बारिश नहीं है राजस्थान में जारी चक्रवाती तूफान का असर बताया जा रहा है। चक्रवाती तूफान की वजह से हो रही बारिश ने दिल्ली-एनसीआर वेस्ट यूपी के साथ समूचे उत्तराखंड में गर्मी से बड़ी राहत दी है। उत्तराखंड में तो पिछले 15 दिनों से भीषण गर्मी पड़ रही थी। सोमवार को उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ली है और तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबांदी का असर देहरादून समेत प्रदेश भर में दिखाई दिया है। मौसम विभाग ने पहले ही बारिश और तेज हवाओं को लेकर पूर्वनुमान जारी किया था, जो सटीक साबित हुआ है। उधर लोगों को सोमवार के दिन मौसम बदलने के साथ तेज धूप और गर्मी से राहत मिली है।देहरादून, हरिद्वार और उधमसिंह नगर के कई क्षेत्रों में हल्की बूंदाबांदी दिखी और इससे तापमान पर भी असर पड़ा। मैदानी जिलों में लोगों ने गर्मी से राहत महसूस की है। इसके अलावा पहाड़ी जिलों में भी मौसम का यही हाल रहा और कई जगह तेज बारिश भी दिखाई दी। ऊंची जगहों पर भी तापमान में गिरावट आई है। मौसम विभाग की माने तो आने वाले 48 घंटों में तापमान इसी तरह बदला हुआ दिखाई देगा। हालांकि जल्द ही मानसून के उत्तराखंड पहुंचने की भी उम्मीद है। लिहाजा इसे फिलहाल बारिश का सिलसिला शुरू होने के रूप में भी देखा जा रहा है। वहीं राजस्थान में तूफानी बारिश से कई जिलों में सैलाब का संकट पैदा हो गया है। साइक्लोन बिपरजॉय के असर से हुई भीषण बारिश से कई जिलों में बाढ़ के हालात हैं। अजमेर से लेकर पाली तक के इलाके बारिश के पानी में डूब गए हैं।
#WATCH राजस्थान: अजमेर में भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसी स्थिति उत्पन्न हुई।
— ANI_HindiNews (@AHindinews) June 19, 2023
वीडियो आनासागर झील से है। pic.twitter.com/sb9te5FqFL
इस बीच मौसम विभाग ने अभी बारिश से राहत नहीं मिलने की संभावना व्यक्त की है। जालोर के रानीवाड़ा के सुरावा का बांध टूटने से सांचौर शहर मे पानी घुस आया है। दुकानों में 5 से 6 फीट तक पानी भर गया। वहीं, अजमेर के अस्पतालों में लबालब पानी भरा दिख रहा है। पाली, जोधपुर, सिरोही में बारिश की वजह से बड़ी बर्बादी हुई है। यहां के कई क्षेत्रों में बाढ़ की स्थिति बनी हुई है। राजस्थान में भारी बारिश में चार लोगों की मौत भी हो गई है। बिपरजॉय तूफान के कारण राजस्थान में भारी बारिश का दौर जारी है। जयपुर मौसम केंद्र ने सोमवार को सवाई माधोपुर, बूंदी जिलों में भारी से अति भारी बारिश होने की आशंका जताते हुए रेड अलर्ट जारी किया है। वहीं कोटा, करौली, बारां, भीलवाड़ा और टोंक के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।पिछले 24 घंटों में राज्य के कई जिलों में बारिश हुई। कई स्थानों पर 300 मिमी यानी 12 इंच तक बारिश रिकॉर्ड की गई। पाली, जालोर, बाड़मेर और सिरोही में तो बाढ़ जैसे हालात हैं। अब तक राज्य में बाढ़ और बारिश से 7 लोगों की मौत हो गई है। मौसम केंद्र जयपुर के मुताबिक, 20 जून को बिपरजॉय का असर भरतपुर, कोटा संभाग में रहेगा। चक्रवात और कमजोर होकर डिप्रेशन से लो प्रेशर एरिया में कन्वर्ट होगा। चक्रवात अभी 10 किमी प्रति घंटा की स्पीड से नॉर्थ-ईस्ट दिशा की तरफ बढ़ रहा है। जालोर में हालात बेकाबू हो गए। हजारों लोगों को NDRF-SDRF की मदद से सुरक्षित स्थानों पर ले जाया गया। भारत मौसम विज्ञान विभाग ने कहा कि चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के पूर्व-उत्तर-पूर्व राजस्थान की ओर बढ़ने और अगले 12 घंटों के दौरान दबाव की तीव्रता के बनाए रखने की संभावना है। इससे पहले रविवार को चक्रवाती तूफान बिपरजॉय के प्रभाव से राजस्थान के बाड़मेर जिले के कुछ हिस्सों में भारी बारिश हुई। कई जगहों पर जलभराव और बाढ़ जैसी स्थिति देखी गई। अस्पतालों में भी पानी का जमाव देखा गया।साइक्लोन बिपरजॉय के असर से हुई भीषण बारिश में अजमेर से लेकर पाली तक के इलाके पानी में डूब गए हैं। राजस्थान के अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में पानी भरने की वजह से डॉक्टर मरीज और कर्मचारी परेशान रहे। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के महानिदेशक डॉ. मृत्युंजय महापात्र ने शनिवार को कहा कि चक्रवात बिपरजॉय एक गहरे अवसाद में कमजोर हो गया है और पूर्व-उत्तर पूर्व दिशा में आगे बढ़ रहा है।