
JOIN OUR WHATSAPP GROUP
3 साल पहले आज के दिन 14 जून 2020 को बॉलीवुड से आई एक खबर ने पूरे देश को हिला दिया था। फिल्म इंडस्ट्रीज का एक ऐसा युवा हैंडसम कलाकार जिसके एक्टिंग के अलावा भी निजी जीवन में बड़े-बड़े सपने थे, बड़ी सोच थी। लेकिन अचानक युवा एक्टर का दुनिया को अलविदा कह जाना फिल्म इंडस्ट्रीज के साथ लाखों प्रशंसक आवाक रह गए। बिहार के छोटे से जिले निकलकर फिल्म इंडस्ट्रीज में कम समय में अपना खास मुकाम बनाया। लेकिन जब यह अपने करियर के पीक पर थे तभी यह एक्टर दुनिया का साथ छोड़ कर चले गए। जी हां हम बात कर रहे हैं युवाओं की धड़कन बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की। सुशांत सिंह की आज तीसरी बरसी है। सोशल मीडिया पर लाखों प्रशंसक अपने चहेते अभिनेता को याद करते हुए श्रद्धांजलि दे रहे हैं।

वो संडे की दोपहर थी। तारीख थी 14 जून 2020। खबर आई कि मुंबई के बांद्रा वेस्ट में किसी बड़े एक्टर की लाश मिली है। लाश खुद एक्टर के कमरे से बरामद हुई थी। ये बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की लाश थी। मुंबई पुलिस ने इसे सुसाइड बताया, एक्टर के घरवालों ने मर्डर। हर कोई सन्न रह गया था। किसी को भी यकीन नहीं हुआ कि सुशांत की मौत हो गई है। सुशांत सिंह राजपूत बांद्रा के अपने फ्लैट में रहस्यमय परिस्थितियों में मृत पाए गए थे। सुशांत सिंह राजपूत के फैन्स और परिवार के लोग आज भी उस मंजर को नहीं भूले हैं। सुशांत की मौत से फैन्स आज भी सदमे में हैं। सुशांत के जाने से उनके कई सपने और ख्वाहिशें अधूरी रह गईं। इन्हें पूरा करने के लिए एक्टर ने न जाने क्या-क्या प्लानिंग की थी। पर भगवान की प्लानिंग के आगे सुशांत की प्लानिंग फेल हो गई। एक्टर की मौत ने उनके सपनों को अधूरा छोड़ दिया।

कहा गया कि एक्टर ने सुसाइड किया है। लेकिन सुशांत के परिवार और फैन्स का दावा था कि एक्टर ने सुसाइड नहीं किया, बल्कि उनकी हत्या की गई। सुशांत सिंह राजपूत की मौत को 3 साल पूरे हो चुके हैं। तीसरी बरसी आ गई, पर न्याय का अभी भी कुछ पता नहीं। सुशांत का परिवार और फैन्स आज भी एक्टर के लिए इंसाफ का इंतजार कर रहे हैं। किसी का भी दिल यह मानने को तैयार नहीं कि सुशांत जैसा होनहार, बुद्धिमान इंसान ऐसा कदम उठा सकता है।

आखिर सुशांत को अपने वो 50 सपने भी तो पूरे करने थे, जिनकी उन्होंने ‘बकेट लिस्ट’ तैयार की थी। सुशांत सिंह राजपूत अपनी सिर्फ 13 ख्वाहिशें ही पूरी कर पाए थे। अभी तो उन्हें 37 सपने और पूरे करने थे। 14 जून को अभिनेता की मौत के बाद अगले दिन यानी 15 जून को मुंबई के पवन हंस श्मशान घाट पर सुशांत का अंतिम संस्कार किया गया। मुंबई पुलिस ने इसे सुसाइड का मामला बताया, लेकिन उस समय कई सवाल उठे, जिनका जवाब आज तक नहीं आया है। एक तरफ सुशांत के पिता केके सिंह ने जांच की मांग की। इसके अलावा कई राजनीतिक हस्तियों ने भी साजिशन हत्या की बात कहकर जांच की मांग की थी। देखते ही देखते बॉलीवुड के अंदर से भी कई सवाल उठने लगे थे। अभिनेत्री कंगना रणौत ने बॉलीवुड में सुशांत को परेशान करने का आरोप लगाते हुए कई सवाल उठाए।
सुशांत सिंह राजपूत का परिवार अभी भी इंसाफ के लिए लड़ रहा लड़ाई-
सुशांत सिंह राजपूत की मौत को तीन साल हो गए हैं, लेकिन आज ही उनके पिता कौशल कुमार सिंह और उनकी तीनों बहने मितु सिंह, नीलू सिंह और श्वेता सिंह उन्हें इंसाफ दिलाने की लड़ाई लड़ रह हैं। परिवार ने सोशल मीडिया में कई पेज क्रिएट किए हैं। जिसमें वे समय-समय पर सुशांत की लाइफ से जुड़ी तस्वीरें और जानकारियां साझा करते रहते हैं। सुशांत के पिता के वकील विकास सिंह कहते हैं सीबीआई ने इस केस को खड्डे में मरने के लिए छोड़ दिया है। परिवार अब भी यही मानता है कि यह हत्या का मामला है। सुशांत सिंह राजपूत की मौत के बाद उनकी गर्लफ्रेंड और एक्ट्रेस रिया चक्रवर्ती पर भी कई गंभीर आरोप लगे।

सुशांत कि पिता के बयान पर बिहार पुलिस ने रिया चक्रवर्ती, उनके परिवार के सदस्यों और सुशांत के आवास पर काम करने वाले सर्वेंट्स के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। आखिरकार, सीबीआई ने हत्या के मामले को अपने हाथ में और चक्रवर्ती सहित कई लोगों के बयान दर्ज किए। एम्स की रिपोर्ट के बाद से सीबीआई इस केस में कुछ खास आगे नहीं बढ़ पाई है। वहीं, नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (एनसीबी) ने रिया चक्रवर्ती के फोन से मिले चैट के आधार पर एक्ट्रेस और उनके भाई के खिलाफ केस दर्ज किया। कई रातें दोनों को जेल में बितानी पड़ी थी। मुंबई पुलिस समेत कुल पांच एजेंसियों, बिहार पुलिस, एनसीबी, ईडी और सीबीआई ने भी केस की जांच की। ईडी और सीबीआई की जांच जारी है, एनसीबी का केस कोर्ट में है। सुशांत की गर्लफ्रेंड रिया चक्रवर्ती समेत 35 लोगों की गिरफ्तारी हुई।




3 साल गुजर गए, फिलहाल इस केस में न कोई कनविक्ट है, न कोई जेल में है। ड्रग्स केस में जेल गए सभी लोग जमानत पर बाहर हैं। साल 2021 में सुशांत सिंह राजपूत का मामला एक बार फिर सुर्खियों में उस समय आया, जब सुप्रीम कोर्ट में सीबीआई जांच को लेकर एक जनहित याचिका दायर की गई। याचिकाकर्ता ने याचिका में सीबीआई को राजपूत मामले में उनकी जांच की स्थिति प्रदान करने के लिए कहा था। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने याचिका पर विचार नहीं किया और आवेदक को जनहित याचिका में अपनी प्रार्थनाओं के संबंध में उच्च न्यायालय जाने के लिए कहा। बता दें कि सुशांत की मौत के बाद तकरीबन 2 साल तक उनका मुंबई स्थित बांद्रा वाला फ़्लैट खाली रहा। कोई उसे किराए पर लेने को तैयार नहीं था। सुशांत इस फ्लैट के लिए तकरीबन 4.5 लाख रुपए प्रतिमाह रेंट देते थे। फ्लैट के ब्रोकर रफीक मर्चेंट ने बताया कि जनवरी 2023 में उन्हें एक किराएदार मिल गया है। अब इस फ्लैट का किराया 5 लाख रुपए महीना है। मकान मालिक ने 30 लाख रुपए सिक्योरिटी डिपॉजिट देकर इसे किराए पर लिया है।
अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने अपने करियर की शुरुआत छोटे पर्दे से की थी-

हिंदी सिनेमा के युवा और हैंडसम अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत ने अपने करियर की शुरुआत टीवी से की। उन्होंने करीब 10 फिल्मों में काम किया। अपने अभिनय से टीवी प्रेमियों का दिल जीतने के बाद सुशांत को फिल्म ‘काय पो चे’ से हिंदी सिनेमा में दाखिल होने का मौका मिला और इस मौके को भुनाने में सुशांत ने कोई कसर नहीं छोड़ी। पहली ही फिल्म से दर्शकों और समीक्षकों की वाहवाही लूटने के बाद सुशांत ने रोमांटिक, कॉमेडी, ड्रामा, थ्रिलर, स्पोर्ट्स आदि जॉनर की फिल्में कीं और सभी में उम्दा काम किया। इस फिल्म से वह कुछ ही समय में सुपरस्टार बन गए थे। यह फिल्म चेतन भगत के उपन्यास ‘द 3 मिस्टेक्स ऑफ माई लाइफ’ पर आधारित थी। फिल्म ने सुशांत को स्टारडम हासिल करने में काफी मदद की थी।

एम एस धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी से सुशांत को जबरदस्त लोकप्रियता हासिल हुई थी। यह फिल्म भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी के जीवन पर आधारित थी। इस फिल्म का निर्देशन नीरज पांडे ने किया था और इसमें सुशांत सिंह राजपूत ने धोनी की भूमिका निभाई थी। सुशांत के साथ इस फिल्म में दिशा पाटनी, कियारा आडवाणी और अनुपम खेर भी महत्वपूर्ण भूमिका में थे। यह फिल्म 2016 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली बॉलीवुड फिल्मों में से एक थी। केदारनाथ में आई प्राकृतिक आपदा को केंद्र में रखकर बनाई गई इस फिल्म में सुशांत सिंह राजपूत शुद्ध भाव से तीर्थ यात्रियों की सेवा करने वाले एक मुस्लिम युवक मंसूर खान के रूप में नजर आए। खालिस ब्राह्मण की लड़की (सारा अली खान) के साथ मोहब्बत करने से मंसूर की दिक्कतें बढ़ती हैं और उसे ब्राह्मणों के कोप का शिकार होना पड़ता है। मंसूर एक साहसी, ईमानदार और चरित्र का साफ शख्स है, जो आपदा आने पर बिना भेदभाव के सभी की मदद करता है।

वहीं फिल्म छिछोरे का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया था. इस फिल्म में सुशांत सिंह राजपूत ने अनिरुद्ध पाठक की भूमिका निभाई थी। फिल्म में सुशांत के साथ श्रद्धा कपूर, वरुण शर्मा, प्रतीक बब्बर, ताहिर सिंह भसीन, नवीन पॉलीशेट्टी, तुषार पांडे ने महत्वपूर्ण भूमिका में थे। फिल्म की कहानी एक ऐसे बेटे पर आधारित है, जो आईआईटी में नहीं जाने के कारण आत्महत्या करने की कोशिश करता है। इस फिल्म में सुशांत के किरदार को खूब पसंद किया गया था। दिल बेचारा फिल्म सुशांत सिंह राजपूत की आखिरी फिल्म थी। फिल्म का निर्देशन मुकेश छाबड़ा द्वारा किया गया है। इसमें सुशांत के साथ संजना सांघी मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म हॉलीवुड फिल्म ‘द फॉल्ट इन आवर स्टार्स’ की रीमेक है। सुशांत की मौत के बाद इसे हॉटस्टार पर रिलीज किया गया था, जिसे दर्शकों द्वारा खूब पसंद किया गया था।