
JOIN OUR WHATSAPP GROUP
कर्नाटक विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक जीत हासिल करने के बाद अब कांग्रेस की नजर मध्य प्रदेश और राजस्थान चुनाव पर है। पार्टी को विश्वास है कि वह मध्य प्रदेश में 150 सीटें जीतेगी। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ऐसा दावा किया है। हालांकि, सीएम उम्मीदवार के सवाल पर वह बचते नजर आए। मध्य प्रदेश और राजस्थान में इस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं। इसके चलते पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं। इसी क्रम में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने पार्टी की राज्य इकाई के वरिष्ठ नेताओं के साथ बैठक की। इस बैठक में राहुल गांधी और पार्टी के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल भी शामिल हुए। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे और राहुल गांधी ने दिल्ली स्थित कांग्रेस मुख्यालय में मध्य प्रदेश के पार्टी नेताओं के साथ चुनावी तैयारियों को लेकर बैठक की। राहुल गांधी ने कहा कि ‘बैठक में हमारी लंबी चर्चा चली। हमारा आंतरिक आकलन है कि हमें कर्नाटक में 136 सीटें मिली हैं। मध्यप्रदेश में 150 सीटें मिलने वाली हैं। इसके बाद जब उनसे मुख्यमंत्री के नाम को लेकर सवाल किया गया तो वह बिना जवाब दिए चले गए। पत्रकारों ने उनसे सवाल किया कि क्या इस बार भी मध्य प्रदेश में मुख्यमंत्री का चेहरा कमलनाथ ही होंगे, तो राहुल गांधी ने कहा, “भईया 150 सीटें आने वाली हैं।” वह सीएम उम्मीदवार को लेकर पूछे गए सवाल का बिना जवाब दिए वहां से निकल गए। इस दौरान, कमलनाथ भी उनके साथ मौजूद थे। कांग्रेस महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा, हम मध्यप्रदेश भी जीतने जा रहे हैं। राहुल गांधी और कमलनाथ के दावे पर भोपाल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने पलटवार किया। उन्होंने कहा, ‘मन को बहलाने को बाबा ख्याल अच्छा है। भाजपा मध्यप्रदेश में 200 से ज्यादा सीट जीतेगी। अब उनको ख्याली पुलाव पकाने हैं, तो पकाते रहें। बता दें कि 230 विधानसभा सीटों वाले मध्यप्रदेश में इस साल के आखिरी में चुनाव होना हैं। एमपी के साथ मध्यप्रदेश, छत्तीसगढ़ में भी चुनाव होंगे। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने तीनों राज्यों में सरकार बनाई थी। हालांकि, 2020 में कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया के नेतृत्व में कांग्रेस के विधायकों ने बगावत कर दी थी। इसके बाद राज्य में बीजेपी ने सरकार बनाई थी।