
पटना का महात्मा गांधी सेतु तैयार, देश में सबसे लंबे स्टील ब्रिज का 7 जून को होगा उद्घाटन

JOIN OUR WHATSAPP GROUP
जून के पहले सप्ताह में बिहार वासियों को बड़ी सौगात मिलने जा रही है। महात्मा गांधी सेतु ब्रिज बनकर पूरी तरह तैयार हो गया है। यातायात की दृष्टि से यह पुल बहुत ही महत्वपूर्ण है। यह ब्रिज राजधानी पटना से उत्तर बिहार को जोड़ता है। महात्मा गांधी सेतु को कभी एशिया के सबसे बड़े पुल के नाम से जाना जाता था। अब इस पुल ने एक नया रिकॉर्ड बनाया है। यह पुल नए रूप में 5.575 किलोमीटर तक दो लेन में बनकर तैयार है जो स्टील से बना है। अब भारत के सबसे लंबे स्टील ब्रिज के रूप में इसकी पहचान बनी है। यह पुल पूरी तरह स्टील से बना हुआ है, लेकिन पाया का संरचना पुराना है। महात्मा गांधी सेतु की जर्जर स्थिति होने के बाद नवंबर 2017 में स्टील ब्रिज बनाने के निर्णय के बाद काम शुरू हुआ था। जुलाई 2020 में पश्चिमी लेन का काम पूरा हो चुका था और उस पर गाड़ियां दौड़ने लगीं। एक ही लेन पर दोनों ओर की गाड़ियां चलने लगीं जिसके कारण जाम की समस्या थी, लेकिन अब 17 महीने के बाद पूर्वी लेन भी बनकर तैयार हो गया है। अब गांधी सेतु पर लोगों को जाम से छुटकारा मिल जाएगा। पूर्वी-उत्तरी लेन का शुभारंभ सात जून को होना है, जिसका उद्घाटन केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार करेंगे।