

JOIN OUR WHATSAPP GROUP
राजधानी दिल्ली शुक्रवार को हुई डबल मर्डर की घटना से दहल गई है। पहली घटना साउथ दिल्ली के संगम विहार में हुई जहां आरोपियों ने युवक को दौड़ा-दौड़ाकर चाकुओं से गोदकर बेरहमी से मार डाला। वहीं खजूरी खास इलाके में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
बता दें कि शुक्रवार शाम को बदमाशों ने एक 26 साल के युवक को घेर लिया। युवक अपनी जान बचाने के लिए यहां वहां भागता रहा, लेकिन आरोपियों ने उसकी दौड़ा-दौड़ाकर हत्या कर दी। उस युवक के शरीर पर चाकुओं से एक के बाद एक कई बार हमले किए और उसे गंभीर हालत में छोड़कर आरोपी मौके से फरार हो गए। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान 26 वर्षीय संगम के रूप में हुई है।
वारदात के बाद पुलिस ने धारा 302 के तहत FIR दर्ज कर ली है। इसके साथ ही पुलिस ने तीनों आरोपियों की पहचान कर ली है। वारदात साउथ दिल्ली के संगम विहार में हुई। यहां रतिया मार्ग पर बेख़ौफ़ होकर 3 बदमाशों ने युवक संगम पर हमला किया था।
वहीं दूसरी घटना दिल्ली के खजूरी खास में हुई है। पुलिस के मुताबिक हमें सूचना मिली कि गली नं. 21, बी-ब्लॉक श्री राम कॉलोनी में एक युवक घायल अवस्था में पड़ा हुआ है। मौके पर जाकर देखा तो युवक के सीने में गोली लगी हुई थी। वह खून से लथपथ था। घायल को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सोहेल (19 साल) के रूप में हुई है। वह अपने रिश्तेदारों के साथ रहता था और सोहेल कपड़े की फैक्ट्री में काम करता था। पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।