सोमवार, मार्च 27Digitalwomen.news

Bihar Congress: बिहार में लगातार कांग्रेस की हार से प्रदेश अध्यक्ष पद मदन झा ने अपने पद से दिया इस्तीफा, जल्द हीं नियुक्त होंगे नए अध्यक्ष

Madan Mohan Jha resigns as Bihar Congress chief
JOIN OUR WHATSAPP GROUP

बिहार में कांग्रेस को लगातार मिल रही हार और चुनाव में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से मदन मोहन झा ने इस्तीफा दे दिया है। बताया जा रहा है कि उनका यह इस्तीफा स्वीकार भी कर लिया गया है। मदन मोहन झा इस समय दिल्ली में हैं जहाँ उन्होंने राहुल गांधी से मुलाकात की।

मालूम हो कि बिहार में कांग्रेस की खराब होती स्थिति के लिए उन्हें सीधे तौर पर जिम्मेदार माना जा रहा था। लगभग चार साल तक प्रदेश अध्यक्ष की जिम्मेदारी निभाने के बाद मदन झा से जिम्मेवारी वापस ली गई है।

वहीं दूसरी ओर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष पद से इस्तीफा देने के बाद मदन मोहन झा ने कहा कि मैं 6 महीने पहले ही आलाकमान को बोल चुका हूं। मेरा कार्यकाल पूरा हो चुका है, किसी नए को अध्यक्ष बनाया जाए। इसमें इस्तीफा की क्या बात है। कोई नौकरी थोड़े है जो हटाए जाएंगे। मेरा कार्यकाल पूरा हुआ तो किसी न किसी का अध्यक्ष बनना तय है।

बता दें कि बिहार में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कमी, चुनाव में लगातार मिल रही हार और निचले स्तर पर कई बड़ी अनियमितताओं की वजह से पार्टी का स्तर कमजोर हो रहा था। इस वजह से मदन मोहन झा की कार्यशैली और भूमिका पर सवाल उठ रहे थे। बिहार विधानसभा चुनाव के बाद से ही मदन मोहन झा पर इस्तीफा देने का दबाव बना हुआ था। विधानसभा में पार्टी को 19 सीटों पर जीत मिली थी। वहीं हाल ही में विधान परिषद की 24 सीटों के लिए हुए चुनाव में पार्टी को केवल एक सीट पर जीत मिली थी। इससे उनपर दोबारा इस्तीफा देने का दबाव बन गया था।

वहीं बिहार के नए प्रदेश अध्यक्ष के रूप में पार्टी के दो वरिष्ठ नेताओं विधायक राजेश राम और विजय शंकर दुबे का नाम सबसे आगे है। जल्द ही प्रदेश अध्यक्ष का औपचारिक एलान हो जाएगा।

Leave a Reply

%d bloggers like this: