
पटना जिला परिषद की अध्यक्ष के पद पर कुमारी स्तुति ने जीत हासिल की है। जबकि आशा देवी ने उपाध्यक्ष पद पर कब्जा जमाया है। कुमारी स्तुति ने अन्नामलाई यूनिवर्सिटी चेन्नई से बीटेक और एमटेक किया है। उन्होंने पूर्व अध्यक्ष अंजू देवी को दो बार हराया। पहले जिला परिषद सदस्य के चुनाव में और उसके बाद अध्यक्ष पद के चुनाव में। पिछली बार संपतचक के प्रादेशिक निर्वाचन क्षेत्र संख्या-27 से चुनाव जीतने के बाद अंजू देवी जिला परिषद अध्यक्ष बनी थीं। लेकिन, अबकी बार उस क्षेत्र से उन्हें कुमारी स्तुति ने हरा दिया। डीएम डॉ चंद्रशेखर सिंह ने अध्यक्ष कुमारी स्तुति और उपाध्यक्ष आशा देवी को प्रमाण पत्र दिया। पर्दे के पीछे बनती रही रणनीति पहली बार जिला परिषद का चुनाव जीतने वाली कुमारी स्तुति के अध्यक्ष चुने जाने की रणनीति पहले से ही बन रही थी। चर्चा में यह रहा कि जदयू और भाजपा समर्थक सदस्यों के साथ ही राजद के दो विधायक भी स्तुति के लिए रणनीति बनाते रहे। यही नहीं पूर्व जिला परिषद उपाध्यक्ष ज्योति सोनी और उनके पति जीवन कुमार भी पर्दे के पीछे से सदस्यों को मैनेज करने में लगे थे।