राष्ट्रपति रामनाथ ने आज 2020 में पद्म पुरस्कार के लिए चुने गए हस्तियों को सम्मानित किया। इस सम्मान के लिए नामों का एलान पिछले साल ही कर दिया गया था। अलग-अलग क्षेत्रों में विशेष योगदान देने वाले नागरिकों को आज तीन श्रेणियों में पद्म विभूषण, पद्म भूषण और पद्मश्री सौंपे गए। इस साल पद्म विभूषण के लिए सुषमा स्वराज का नाम तय किया गया था। उन्हें यह पुरस्कार मरणोपरांत दिया जाना था। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद से यह सम्मान लेने सुषमा स्वराज की बेटी बांसुरी स्वराज पहुंचीं।
वहीं राष्ट्रपति ने बैडमिंटन की स्टार खिलाड़ी पीवी सिंधु को पद्म भूषण से सम्मानित किया। चिकित्सा क्षेत्र में सेवा के लिए एयर मार्शल पद्मा बंदोपाध्याय को राष्ट्रपति ने पद्मश्री से सम्मानित किया।
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने लोकप्रिय हिंदुस्तानी शास्त्रीय गायक पंडित छन्नूलाल मिश्रा को पद्म विभूषण पुरस्कार से सम्मानित किया।
पाकिस्तान की नागरिकता छोड़कर भारत की नागरिकता लेने वाले लोकप्रिय गायक अदनान सामी को पद्मश्री से सम्मानित किया गया।
आईसीएमआर के पूर्व हेड साइंटिस्ट डॉक्टर रमन गंगाखेडकर को पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया गया। कोरोना महामारी के दौरान डॉक्टर गंगाखेडकर लगातार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर लोगों को अहम जानकारियां मुहैया कराते रहे।
बॉलीवुड की जानी-मानी अभिनेत्री कंगना रनौत को पद्मश्री पुरस्कार दिया गया। कंगना को हाल ही में राष्ट्रीय पुरस्कार से भी सम्मानित किया जा चुका है।
भारतीय महिला हॉकी टीम की कप्तान रानी रामपाल को भी राष्ट्रपति ने पद्मश्री पुरस्कार से सम्मानित किया। रानी की कप्तानी में महिला टीम ने इस बार ओलिंपिक में जबरदस्त प्रदर्शन किया था।