
पीएम मोदी के जन्मदिन पर राष्ट्रपति, केंद्रीय मंत्रियों और मुख्यमंत्रियों ने दी शुभकामनाएं

राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने बधाई देते हुए लिखा कि भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। मेरी शुभेच्छा है कि आप स्वस्थ रहें और दीर्घायु प्राप्त कर ‘अहर्निशं सेवामहे’ की अपनी सर्वविदित भावना के साथ राष्ट्र सेवा का कार्य करते रहें।

उपराष्ट्रपति वेंकैया नायडू ने बधाई देते हुए लिखा कि “प्रधानमंत्री श्री नरेंद्रभाई मोदी को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं! राष्ट्र की सेवा में समर्पित आपके स्वस्थ, सुदीर्घ यशस्वी जीवन की कामना करता हूं।”
गृहमंत्री अमित शाह ने पीएम मोदी को ट्वीट कर जन्मदिन की बधाई दी। अमित शाह ने लिखा कि देश के सर्वप्रिय नेता प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिन की शुभकामनाएं।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने पीएम मोदी को शुभकामनाएं दी हैं।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ट्वीट करते हुए लिखा कि अंत्योदय से आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को साकार कर रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जन्मदिन की शुभकामनाएं। प्रभु श्री राम की कृपा से आपको दीर्घायु व उत्तम स्वास्थ्य की प्राप्ति हो। आजीवन मां भारती की सेवा का परम सौभाग्य आपको प्राप्त होता रहे।

वहीं उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, मध्य प्रदेश के शिवराज सिंह चौहान समेत तमाम मुख्यमंत्रियों और भाजपा के नेताओं ने पीएम मोदी के जन्मदिन पर ट्वीट करते हुए शुभकामनाएं दी हैं।
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ट्वीट कर बधाई दी। राहुल गांधी ने ट्वीट कर लिखा, ‘हैप्पी बर्थडे, मोदीजी’।

इसके अलावा भी कई विपक्षी नेताओं ने जन्मदिवस पर प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामनाएं दी हैं।

दूसरी ओर प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र वाराणसी में नरेंद्र मोदी के 71वें जन्मदिन की पूर्व संध्या पर वाराणसी में लोगों ने मिट्टी के दीए जलाए और 71 किलो के लड्डू का भोग लगाकर प्रसाद बांटा।