
झारखंड के रामगढ़ जिले के मुरबंदा लारी के निकट आज सुबह एक बस और वैगन आर कार में भीषण टक्कर हो गई। उस घटना एक लड़के एवं दो महिलाओं समेत सभी पांच लोगों की जलकर मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार आज सुबह लगभग आठ बजे एक वैगन आर कार की दूसरी तरफ से आ रही बस से रामगढ़ जिले के रजरप्पा पुलिस थाना क्षेत्र में गोला-रामगढ़ मुख्य मार्ग पर मुरबंदा लारी के निकट आमने सामने की भीषण टक्कर हो गई। बस कार के उपर चढ़ गई। कार में सवार सभी पांच लोग वहीं बुरी तरह फंस गए। थोड़ी ही देर बाद कार में आग लग गई और एक लड़के एवं दो महिलाओं समेत सभी पांच लोगों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई। दुर्घटना में मारे गए लोगों के शव इतनी बुरी तरह जल गए हैं कि उनकी पहचान मुश्किल हो गई है।
जिसके बाद सभी शवों को अंत्य परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया गया है और उनके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है। वैगन आर के पूरी तरह जल जाने के कारण गाड़ी की पंजीकरण संख्या के अलावा अन्य विवरण नहीं मिल सका है। गाड़ी पटना के आलोक रौशन के नाम पंजीकृत है। मृतकों की पहचान एवं अन्य कार्रवाई के लिए पटना पुलिस से संपर्क किया गया है।