असम के ब्रह्मपुत्र नदी में जोरहट के नीमती घाट पर दो नाव में टकराव, कई नाव सवार लापता

असम में ब्रह्मपुत्र नदी में आज शाम भीषण नाव दुर्घटना घटित हुई है। जहां यात्रियों से भरी दो नावों में टक्कर हो गई। यह घटना असम के जोरहाट जिले के नीमतीघाट की है।

बताया जा रहा है कि दोनो नावों में करीब 120 लोग सवार थे और इनमें से कई अब भी लापता है। उन्हें बचाने के लिए राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन लगातार काम कर रही है।

इससे पहले जोरहाट के अतिरिक्त डीसी दामोदर बर्मन ने दावा किया था कि दुर्घटना में शामिल दोनों नाव में लगभग 50 लोग सवार थे, जिनमें से 40 लोगों को बचा लिया गया है। बाकी लोगों की तलाश जारी है। एक बोट माजुली से नीमतीघाट की ओर जा रही थी, जबकि दूसरी इसकी विपरीत दिशा में जा रही थी। मौके पर राहत और बचाव का काम तेजी से चल रहा है।

वहीं मुख्यमंत्री सरमा ने नाव दुर्घटना पर दुख जताते हुए माजुली और जोरहाट जिला प्रशासन को एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की मदद से बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने मंत्री बिमल बोरा को जल्द से जल्द माजुली पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने के लिए कहा है। सरमा ने अपने प्रधान सचिव समीर सिन्हा को भी लगातार घटनाक्रम पर नजर बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा मुख्यमंत्री सरमा से गृह शाह ने इस घटना का जायजा लेते हुए बातचीत की है और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी घटना पर दुख व्यक्त किया है।