
असम-मिजोरम में चल रहे सीमा विवाद, और उस से उत्पन्न हुए तनावपूर्ण हालात पर काबू पाने के लिए आज दोनों ही राज्य सरकारों के मंत्रियों के बीच सुबह 11 बजे बैठक होगी।
इस बैठक में मिजोरम के गृह मंत्री लालचामिलाना, भू-राजस्व मंत्री लालरुआतकिमा और गृह विभाग के सचिव वनलालगाईसाका असम के प्रतिनिधिमंडल के साथ सीमा विवाद के समाधान पर चर्चा करेंगे।
वहीं सूत्रों के मुताबिक असम सरकार मंत्री अतुल बोरा और अशोक सिंघल को बातचीत के लिए भेज रही है।
दरअसल, असम और मिजोरम के बीच में लंबे समय से सीमा विवाद जारी है वही बीते दिन 26 जुलाई को सीमा विवाद के दौरान मिजोरम के कोलासिब जिले के वायरेंग्टे कस्बे में दोनों पक्षों के लोग और पुलिस बल सभी एक दूसरे के आमने-सामने आ गए थे।
इस दौरान असम के छह पुलिसकर्मी और एक नागरिक की मौत हो गई थी, तथा 50 से ज्यादा लोग घायल हो गए थे। मिजोरम के मुख्यमंत्री जोरामथांगा ने ट्विट किया कि असम और मिजोरम के मंत्रियों के बीच पांच अगस्त को होने वाली बैठक में सीमा विवाद को सुलझाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया जाएगा।
जिसके बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के हस्तक्षेप के बाद दोनों पक्षों ने आपसी तनाव कम करने के लिए बैठक आयोजित करने का निर्णय लिया है।